मुंबई. राज्य में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। 24 घंटे में 88 नए मामले आए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 54 मामले मुंबई के हैं। राज्य में गुरुवार को संक्रमण से 5 की जान गई। इनमे पांच मौतें मुंबई, जबकि एक पुणे में हुई। इससे पहले बुधवार को भी छह लोगों को संक्रमण के चलते अपनी जान गंवानी पड़ी थी। यानी 48 घंटे में संक्रमण से 11 लोगों की जान जा चुकी है। इसी के साथ राज्य में मरने वाले मरीजों का आंकड़ा 21 तक पहुंच गया है। वहीं, शुक्रवार सुबह तक राज्य में संक्रमितों की संख्या 423 हो गई है। इनमें 275 मुंबई के हैं।
सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगी दवा और किराना दुकान
लॉकडाउन के बीच राशन और दवा की दुकानों पर लगातार भीड़ उमड़ रही थी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था। संक्रमण फैलने की भी आशंका थी। इसी वजह से शुक्रवार से दवा और किराना की दुकान सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुली रहेंगी। सरकार ने आदेश में कहा कि जरूरत पड़ी तो इन दुकानों को 24 घंटे भी खोला जा सकेगा। इस मामले में आदेश का उल्लंघन होने पर खाद्य आपूर्त विभाग, एफडीए और पुलिस विभाग के पास कारवाई का अधिकार होगा। इन विभागों के अधिकारियों को कहा गया है कि वे इस बात का ध्यान रखें कि इस अवधि में दुकानें खुली रहनी चाहिए।
मरकज में शामिल राज्य के 1300 लोगों की पहचान
निजामुद्दीन स्थित मरकजी मस्जिद में महाराष्ट्र के 1400 लोग शामिल हुए थे। इनमें से 1300 लोगों की पहचान कर ली गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि मरकज में शामिल होकर आए लोगों को क्वारैंटाइन करने का काम चल रहा है। मरकज में मुंबई के भी करीब 150 लोग शामिल हुए थे। इन लोगों में से 70 की पहचान की गई। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रशासन से बचने के लिए इनमें से कई ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं।
मुंबई में 200 इलाकों को सील किया गया
मुंबई में संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 200 से अधिक इलाकों को सील कर दिया गया है। इन इलाकों में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। इन इलाकों की जानकारी बीएमसी ने अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड की है। इनमें धारावी, परेल, पंजाबी कैंप सायन कोलीवाडा, वर्ली, बहरामबाग बांद्रा, कुर्ला, घाटकोपर का असल्फा, जोगेश्वरी, मालवणी और बोरीवली के परिसर शामिल हैं। इन इलाकों में पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है। यहां लोगों के घरों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध है।
हॉस्पिटल के 40 स्टॉफ को किया क्वारैंटाइन
मुंबई के एक निजी अस्पताल में एक नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उस अस्पताल के 40 नर्सों को क्वारैंटाइन कर दिया है। इनसें 10 डॉक्टर भी शामिल हैं। इसके अलावा, मुंबई में 57 वर्षीय पुलिस कॉन्स्टेबल को कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में रहने को कहा तो पुलिस पर फेंके पत्थर
धारावी के 90 फीट रोड इलाके में घर से बाहर समूह में बैठे आठ युवकों को पुलिस ने घर में जाने को कहा तो आरोपियों ने पहले पुलिसवाले से गालीगलौच की और फिर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि छह की तलाश की जा रही है।
शरद पवार ने कहा- निजामुद्दीन मरकज जैसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा, 'कोरोना का प्रसार रोकने निजामुद्दीन मरकज जैसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। नमाज घर में ही पढ़ें और यह जिम्मेदारी उठाएं कि निजामुद्दीन में जो हुआ, वह फिर न होने पाए।'
नियम तोड़ने वालों को जेल जाना होगा: उपमुख्यमंत्री
कोरोना के बढ़ते प्रकोप पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा,'कोरोना वायरस से बचने के लिए दो ही विकल्प -होम और हॉस्पिटल क्वारैंटाइन उपलब्ध हैं। अस्पताल में क्वारैंटाइन होने की बजाय नागरिक स्वेच्छा से होम क्वारैंटाइन होकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा करें। कुछ जगहों पर पुलिस पर हमला किया जा रहा है, ऐसे असामाजिक तत्वों का सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को जेल की हवा खानी पड़ेगी। इसकी शुरुआत बुधवार से हो चुकी है।'